पति की बेवफाई से तंग आकर महिला बस के आगे कूदी, बाल बाल बची महिला,
पति की बेवफाई से तंग आकर महिला बस के आगे कूदी, बाल बाल बची महिला,
बदायूं। पति की बेवफाई और पुलिसिया लहजे से त्रस्त महिला शनिवार शाम रोडवेज बस के आगे कूद गई। ताकि उसे मौत नसीब हो सके। गनीमत की बात यह रही कि ऐन वक्त पर ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिया और महिला बच गई। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। पति के खिलाफ कार्रवाई का दावा किया जा रहा है।घटना शहर के महाराणा प्रताप चौक की है। वजीरगंज इलाके की रहने वाली महिला ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के माझिया गांव निवासी सत्येंद्र के साथ शादी की थी। बताया जाता है कि महिला को कुछ दिन बाद पता चला कि सत्येंद्र शादीशुदा है, ऐसे में दोनों के बीच तकरार होना लाजमी था। इसी तकरार के बीच पति ने रोजाना महिला को पीटना शुरू कर दिया। बात यहीं खत्म नहीं हुई, बल्कि वह पहली पत्नी के संपर्क में भी रहने लगा। महिला के मुताबिक वह थाना सिविल लाइंस पहुंची और पुलिस से अपने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन सिविल लाइंस थाना पुलिस ने उसे टरका दिया। यहां तक कि उसकी तहरीर भी नहीं ली गई। पहले से ही घरेलू कलह के कारण तनाव में आई महिला को जब सिस्टम से भी राहत नहीं मिली तो वह अवसाद में आ गई और चलती बस के सामने छलांग लगा दी।
एसएचओ सिविल लाइंस राजेश कुमार ने बताया कि महिला उनके सामने थाने में नहीं आई थी। किसने महिला को थाने से टरकाया यह पता नहीं है। हालांकि उसके पति के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है। महिला को समझा कर उसके मायके वालों की सुपुर्दगी में दिया है।