(निकाय चुनाव 2023) बदायूं में भाजपा से टिकट पाने के लिए कुल 145 आवेदन, सपा में अब तक 10 दावेदार

(निकाय चुनाव 2023) बदायूं में भाजपा से टिकट पाने के लिए कुल 145 आवेदन, सपा में अब तक 10 दावेदार
बदायूं। निकाय चुनाव के लिए दावेदारों के साथ ही राजनीतिक दल भी तैयारी में जुटे हैं। भाजपा ने आवेदन लेकर लखनऊ भेजने की प्रक्रिया बुधवार को पूरी कर ली, जबकि समाजवादी पार्टी में अभी आवेदन लिए जा रहे हैं। भाजपा से जिले की सभी सात नगर पालिका और 14 नगर पंचायतों से अध्यक्ष पद के लिए 145 आवेदन आए हैं। इनमें बदायूं नगर पालिका परिषद के 14 आवेदन भी शामिल हैं। सपा से अभी तक बदायूं सीट के लिए करीब 10 आवेदन आ चुके हैं।
अब तक भाजपा और सपा के बीच ही रहा मुकाबला: अब तक निकाय चुनाव में भाजपा और सपा के बीच ही मुख्य मुकाबला रहा है। केवल नगर पालिकाओं की बात करें तो साल 2017 में हुए चुनाव में भाजपा और सपा ने तीन-तीन पालिकाओं में जीत हासिल की थी। सहसवान नगर पालिका में निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीता था। हर बार की तरह इस बार भी दावेदारों की सबसे लंबी लाइन भाजपा में हैं। शहर नगर पालिका से 14 आवेदन पार्टी को प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा सहसवान से आठ, बिसौली से 15, ककराला से तीन, बिल्सी से सात, उझानी से 10 और दातागंज नगर पालिका से 12 लोगों ने भाजपा के टिकट के लिए आवेदन किया है, जिन पर विचार किया जाएगा।
नगर पंचायतों पर गौर करें तो 14 नगर पंचायतों से कुल 76 आवेदन भाजपा के पास आए हैं। नगर पंचायतों में सबसे ज्यादा 10 आवेदन उसावां से हुए हैं जबकि सबसे कम दो उसहैत से हुए हैं। बुधवार को आवेदन लेने की अंतिम तारीख थी, जिसके बाद इन्हें पार्टी के लखनऊ मुख्यालय भेज दिया गया है। वहीं से प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि 18 अप्रैल से पहले नामों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके अलावा सपा से शहर सीट के लिए करीब 10 आवेदन मिले हैं।
कांग्रेस और बसपा में प्रत्याशियों का टोटा: कांग्रेस और बसपा में प्रत्याशियों का टोटा इस बार भी है। पिछली बार कांग्रेस ने राजरानी को प्रत्याशी बनाया था जबकि बसपा से प्रीति साहू मैदान में थीं। पिछले चुनाव में प्रीति साहू तीसरे तथा राजरानी चौथे स्थान पर रहीं थीं। माना जा रहा है कि इस बार कांग्रेस अपना प्रत्याशी बदल सकती है जबकि बसपा से प्रीति साहू के ही मैदान में उतरने की चर्चा है।भाजपा के निकाय चुनाव जिला संयोजक आशीष शाक्य ने बताया कि जिले की सात नगर पालिका तथा 14 नगर पालिकाओं से 145 लोगों ने अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया है। इन्हीं में से विचार किया जाना है। आवेदकों के नाम लखनऊ मुख्यालय भेज दिए गए हैं। वहीं से नामों की घोषणा की जाएगी। नगर पालिका सभासदों के नामों की घोषणा भी लखनऊ मुख्यालय से या क्षेत्रीय कार्यालय आगरा से की जाएगी। पार्टी निकाय चुनाव में सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।
सपा के मीडिया प्रभारी प्रभात अग्रवाल ने बताया कि शहर पालिका सीट के लिए करीब 10 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अन्य पालिका तथा पंचायतों से भी आवेदन आए हैं। आवेदन लेने की प्रक्रिया अभी चल रही है। आवेदक के लिए पार्टी का सक्रिय सदस्य और समाजवादी बुलेटिन की आजीवन सदस्यता अनिवार्य है।