मूकबधिर बेटे की शादी के लिए 35 हजार रुपये में खरीदी थी किशोरी, आरोपी पिता सहित पुलिस ने सात लोगों को भेजा जेल
मूकबधिर बेटे की शादी के लिए 35 हजार रुपये में खरीदी थी किशोरी, आरोपी पिता सहित पुलिस ने सात लोगों को भेजा जेल
जयकिशन सैनी (समर इंडिया)
बदायूँ। कानपुर पुलिस ने जिस नाबालिग लड़की के अपहरण और बेचने के मामले में बदायूं के तीन लोगों समेत सात को जेल भेजा था, उनमें एक व्यक्ति ने अपने मूकबधिर बेटे की पत्नी बनाने के लिए उसे 35 हजार रुपये में खरीदा था। उसकी शादी नहीं हो रही थी। इसमें लड़की खरीदने वाले का एक रिश्तेदार भी शामिल बताया गया है। चार दिन पहले कानपुर पुलिस कुंवरगांव थाना क्षेत्र में आई थी। पुलिस ने कल्लिया काजमपुर गांव में दबिश देकर नत्थूलाल नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। कानपुर पुलिस उसे अपने साथ ले गई थी। वहां शनिवार को पुलिस ने बड़ा खुलासा किया। कानपुर पुलिस ने केवल नत्थूलाल को ही नहीं बल्कि उसहैत थाना क्षेत्र के गांव हरेंडी निवासी धनपाल और भकरौली निवासी गुड्डू, एटा निवासी इकबाल, चांदनी व शाहजहांपुर निवासी हरि सिंह को गिरफ्तार किया था।
लड़कियों को बेचते थे इकबाल-चांदनी :- एटा के इकबाल और चांदनी नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर बेच देते थे या फिर उनसे मजदूरी कराते थे। उन्होंने ही कल्लियापुर काजमपुर के नत्थूलाल को 35 हजार रुपये में किशोरी को बेचा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक नत्थूलाल का लड़का मूकबधिर है, जिससे उसकी शादी नहीं हो रही थी। नत्थूलाल उसकी शादी के लिए काफी परेशान था।
सूत्रों के मुताबिक इसी दौरान उसके एक रिश्तेदार ने उसहैत निवासी धनपाल और गुड्डू के माध्यम से बात की। उन्होंने लड़की बेचने का सौदा 50 हजार में किया था लेकिन नत्थूलाल पर ज्यादा पैसे नहीं थे। उसने 35 हजार में ही नाबालिग लड़की खरीदी थी। कानपुर पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। अभी इसमें नत्थूलाल का एक रिश्तेदार नहीं पकड़ा गया है।